फरीदाबाद। बीके चौक पर बृहस्पतिवार की देर शाम चेकिंग के दौरान एक कार चालक ने पुलिस कर्मी को टक्कर मार दी। बोनट पर गिरे पुलिस कर्मी को कार काफी दूर तक ले गई। बाद में पुलिस ने कार को इंपाउंड कर दिया। पुलिस कर्मी के चोट न लगने के कारण कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है।
बृहस्पतिवार शाम करीब साढे़ सात बजे यातायात पुलिस बीके चौक के पास चेकिंग कर रही थी। सिपाही मनोज नीलम चौक की तरफ से आने वाले वाहनों को चेकिंग के लिए रोक रहा था। तभी मनोज ने देखा कि एक कार का चालक मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चला रहा था।
उसने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार को रोकने की बजाए तेजी से भागने लगा। कार को नजदीक आते देख मनोज ने कूद कर बचने का प्रयास किया लेकिन वह सीधा कार के बोनट पर जा गिरा। इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी। वह सिपाही को बोनट पर लिए बीके अस्पताल की तरफ दौड़ पड़ा। वहां से दशहरा मैदान होते हुए वह मेट्रो रोड पर पहुंच गया।
उधर, मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने कार चालक का पीछा करना शुरू कर दिया। चश्मदीद करण ने बताया कि मेट्रो गार्डन के पास पहुंच कर किसी तरह कार चालक को रोक लिया गया। इस घटना में सिपाही बाल-बाल बच गया। उसे खास चोट न लगने के कारण पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है। लेकिन पुलिस ने चालान काट कर उसकी कार को कब्जे में ले लिया है।