फरीदाबाद। बाइपास रोड स्थित किसान मजदूर कॉलोनी को अगले सप्ताह में किसी भी दिन हुडा की तोड़फोड़ टीम ढहा सकती है। हुडा प्रशासक ने इस कॉलोनी को तोड़ने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर हुडा ने बाइपास रोड स्थित किसान मजदूर कॉलोनी की 313 झुग्गियों को हटाने से इसलिए रोक दिया था, क्योंकि कोर्ट ने पहले इन झुग्गी वासियों को सेक्टर-62 स्थित आशियाना में शिफ्ट करने के आदेश हुडा को दिए थे। हुडा द्वारा पिछले दिनों आशियाना फ्लैट में 313 गरीब परिवारों को शिफ्ट किया जाना था, लेकिन 132 गरीबों परिवारों को आशियाना में फ्लैट आवंटित कर चाबी दी जा सकी है। क्योंकि आवेदन ही 132 ने किए थे। ऐसे में बाइपास रोड से किसान मजदूर कॉलोनी को हटाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया। अब बाइपास रोड पर बनी करीब 1.1 किलोमीटर की किसान मजदूर कॉलोनी को हुडा द्वारा किसी भी दिन हटाया जा सकता है। इस मामले पर अगले माह पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में रिपोर्ट सौंपी जानी है।
हुडा प्रशासक एन के सोलंकी ने बताया कि किसान मजदूर कॉलोनी को हर हाल में अगले सप्ताह साफ कर दिया जाएगा। इसके लिए आधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। साथ ही कहा गया है कि निवासियों नोटिस जारी कर खुद सामन हटाने को कह दिया जाए।