फरीदाबाद। पवनसुत हनुमान की जयंती पर सोमवार को शहर के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने इस विशेष मौके पर मंदिरों में बजरंग बली को खुश करने के लिए पूजा-अर्चना की। इस मौके पर मंदिरों में हवन एवं भंडारे का आयोजन किया गया।
एक नंबर स्थित सनातन धर्म महावीर दल हनुमान मंदिर की ओर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में हनुमान भक्तों ने भाग लिया। शोभायात्रा में हनुमानजी के विभिन्न स्वरूपों एवं उनके द्वारा विभिन्न अवसरों पर किए गए कार्यों की झांकी निकाली गई।
इस मौके पर छाती फाड़कर हृदय में राम और सीता का चित्र दिखाते हुए निकाली गई झांकी लोगों के खास आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा संजीवनी बूटी लाते हुए, सुरसा के मुंह में बैठे हुए, समुद्र लांघते हुए, हवा में उड़ते हुए हनुमान जी की झांकियां शोभायात्रा में शामिल थी।
इसमें सिंदूरी हनुमान एवं राम दरबार की भी झांकी शामिल थी। बैंड बाजों के साथ निकाली गई इस शोभायात्रा में शानदार आतिशबाजी की गई। मथुरा रोड पार्श्वनाथ सिटी मॉल के सामने स्थित भव्य हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही हनुमान भक्तों का तांता लगा रहा।