फरीदाबाद। थाना तिगांव क्षेत्र के गांव मंधावली गांव में बने एक स्वागत द्वार पर अंकित कुछ अक्षरों को उपद्रवियों द्वारा तोड़े जाने के विरोध मेें लोगों ने जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एसीपी के आश्वासन देने पर करीब चार घंटे बाद जाम खोल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मंधावली गांव में स्वतंत्रता सेनानी रूप सिंह के नाम पर पिछले दिनों सांसद कोष से एक स्वागत द्वार बनाया गया। इस स्वागत द्वार का अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ है। स्वागत द्वार पर स्टील के अक्षरों से स्वतंत्रता सेनानी के नाम सहित कुछ अन्य शब्द लिखे गए हैं। शनिवार रात को किसी शरारती तत्व ने स्वतंत्रता सेनानी के नाम को छोड़ अन्य अक्षरों को हटा दिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने देखा तो उनमें रोष पैदा हो गया। गांव में एक जाति के लोग विरोध स्वरूप गेट के पास आकर जमा हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि गेट से हटाए गए अक्षरों के मामले में गांव के ही एक विशेष व्यक्ति का हाथ है। इसलिए उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। गुस्साए लोगाें ने गांव के पास से गुजर रहे रोड पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर थाना तिगांव प्रभारी इंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने जाम खोलने से साफ मना कर दिया।
ग्रामीणों के रोष को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक लैब की टीम व डॉग स्क्वायड मौके पर बुलवा लिया। इस टीम ने गेट से फिंगर प्रिंट आदि लिए। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे एसीपी दिनेश यादव ने मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।