फरीदाबाद। तिकोना पार्क स्थित कार्यालय में रविवार को व्यापार मंडल की आम बैठक हुई। इसमें शासन-प्रशासन द्वारा व्यापारियों के साथ हो रहे भेदभाव व समस्याओं का निदान न करने पर रोष प्रकट करके चेतावनी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान जगदीश भाटिया ने कहा कि सैकड़ों बार मांग करने के बावजूद नगर निगम बाजारों में टॉयलेट एवं पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधा तक का इंतजाम नहीं कर रहा है। व्यापारियों से करोड़ों का टैक्स तो वसूला जा रहा है लेकिन सुविधाओं के नाम पर कोई सुविधा नहीं दी जा रही। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उपरोक्त समस्याओं को लेकर जल्द ही जिला प्रशासन, पुलिस आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासन को पत्र सौंपे जाएंगे। इसके बाद भी जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारियों को संघर्ष के लिए मजबूर होना पड़ेगा। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि लगभग 30 साल पहले सब्जी मंडी में दुकानें देने के नाम पर व्यापारियों से पैसे जमा करवाए गए थे, लेकिन सरकार ने आज तक दुकानें आवंटित नहीं कराईं। इसके अलावा कबाड़ी बाजार में भी कबाड़ा व्यापारियों को दुकानें नहीं दी गईं।
इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगनशाह, गिर्राजदत्त गौड़, कोषाध्यक्ष बसंत कालड़ा, महामंत्री वेदप्रकाश कुकरेजा, भोलानाथ मिश्रा, तिलकराज गुलाटी, राममेहर, राकेश रक्कू, संजीव कुमार, चंदरदेव शास्त्री, महेंद्र मलिक, सुधीर कुमार वर्मा, रवि सोनी, नीरज भाटिया, दिनेश शर्मा, अशोक शर्मा, सोनू गुलाटी, रवि कपूर, हरीश रत्रा एवं महेंद्र नागपाल सहित कई व्यापारी मौजूद थे।