फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी में मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली है। बदरपुर से वाईएमसीए तक बनने वाले 13.875 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 13 पिलर का काम पूरा कर लिया गया है। चार पिलर का निर्माण सराय ख्वाजा मेट्रो स्टेशन स्थित क्राउन इंटीरियर शॉपिंग मॉल के पास पूरा किया गया है, जबकि नौ पिलर सेक्टर-16 की साइट पर बने हैं। अब बड़खल चौक के पास पिलर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को दो साइटों पर पिलर बनाने का काम पूरा हो गया। फरीदाबाद मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत कॉरिडोर के लिए करीब 500 पिलर का निर्माण किया जाना है। इन पिलर के निर्माण के लिए एलएंडटी कंपनी की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग-दो के किनारे करीब एक दर्जन से अधिक साइटों पर काम किया जा रहा है। कहीं पिलर के लिए पाइलिंग का काम किया जा रहा है, तो कहीं पर पाइलिंग की लोड टेस्टिंग का काम चल रहा है।
डीएमआरसी प्रवक्ता हिमांशु शर्मा का कहना है कि केवल उन्हीं जगहों पर अब मेट्रो पिलर खड़े किए जा रहे हैं, जहां पर पेड़ किसी भी कारण से बाधक नहीं हैं। जहां पर भी खाली जगह है, वहां पर पिलर खड़ा करने का काम रफ्तार से कर रहे हैं। जल्द ही स्टेशनों की साइट पर भी पिलर निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।