फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद चौक के नजदीक एक बैंक अधिकारी को रास्ते में रोककर कुछ युवकाें ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस हमले में अधिकारी के दो दांत टूट गए। मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-29 जादूनाथ एंक्लेव आर्मी कॉलोनी निवासी हरीश तारा ने बताया कि वह सेक्टर-16 स्थित कोआपरेटिव बैंक में अकाउंटेंट हैं, जबकि उनकी पत्नी सुजाता तारा नीलम बाटा रोड स्थित एक बैंक में कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढे़ नौ बजे वह और सुजाता कार में सवार होकर घर से निकलेे। सुजाता को राजीव गांधी चौक(ओल्ड चौक) पर छोड़ने के बाद जब हरीश कार से सेक्टर-16 की तरफ जाने लगे तो सांसद कार्यालय के पास उन्हें एक युवक ने कार रोकने का इशारा किया। कार रोकते ही वहां तीन युवक और आ गए और सभी ने उनको लात घूसों से मारना-पीटना शुरू कर दिया। बाद में वह किसी तरह घायल अवस्था में बैंक पहुंचे।
हरीश के मुताबिक, हमलावरों ने उनके दो दांत तोड़ दिए हैं। बैंक अधिकारी का कहना है कि वे किसी भी हमलावर को नहीं पहचानते हैं। सेक्टर-19 चौकी पुलिस ने उनसे शिकायत लेकर मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
गुस्साए लोगाें ने बिजली कर्मियों को पीटा
फरीदाबाद। गांव बदरौला में बृहस्पतिवार की रात को बिजली नहीं आने से गुस्साए तीन युवकों ने सब स्टेशन परिसर के अंदर घुसकर बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट की और तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव बदरौला में बिजली का 66 केवी का विद्युत सब स्टेशन है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार रात सब स्टेशन पर लाइनमैन भगत सिंह तथा सहायक लाइनमैन सोनू ड्यूटी पर मौजूद थे। इस दौरान गांव में बिजली कट लगा हुआ था। उसी समय शराब के नशे में गांव बदरौला के ही निवासी भौंटा व उसके दो अन्य साथी सब स्टेशन परिसर के अंदर घुस गए। आरोप है कि उन्होंने वहां पर बिजली कर्मचारी भगत सिंह व सोनू के साथ मारपीट की तथा कार्यालय के शीशे व अन्य सामान के साथ तोड़फोड़ की।
इस मामले में बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता धनपत सिंह की शिकायत पर थाना तिगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।