औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के दो दिवसीय रोजगार मेले में 879 युवाओं को रोजगार मिला है। जबकि 30 कंपनियों ने 1608 युवाओं को रोजगार देने के लिए आईटीआई प्रशासन से कहा था। आईटीआई प्रशासन उन ट्रेडों के युवाओं को जॉब नहीं दे पाया जिनकी उद्योगों को जरूरत थी।
रोजगार मेले में सबसे अधिक निराशा ऐसे विद्यार्थियों को हाथ लगी जो भारी भरकम फीस अदा कर एमबीए, एमसीए और इंजीनियरिंग जैसी डिग्री हासिल कर यहां पर रोजगार तलाश करने आए थे। इस मेले में उन्हें अवसर नहीं मिला। मेले के समापन समारोह पर संस्थान के प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने बताया कि मेले के अंतिम दिन 650 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इसमें से कंपनियों ने 280 विद्यार्थियों को शॉर्टलिस्ट किया।
इनमें से 227 को नौकरी मिल गई। दोनों दिन मिलाकर 879 विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त हुआ है।
मेला संयोजक बृजेश मंगला ने बताया कि कुछ नॉन टेक्निकल विद्यार्थियों की मांग भी आई। एलआईसी ने 80 विद्यार्थियों का चयन कर उसकी सूची संस्थान को सौंपी है।
आईटीआई प्रशिक्षित जिन विद्यार्थियों को कंपनियों की ओर से रोजगार मेले मेें ऑफर लेटर दिया गया है, उन्हें कंपनी में जाकर अपनी योग्यता साबित करनी होगी। कंपनी की उम्मीदों पर खरा उतरने पर नौकरी पक्की हो जाएगी।