अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाने की घोषणा को लेकर जिला प्रशासन रविवार को काफी मुस्तैद दिखा।
सेक्टर-15 स्थित गीता भवन में चल रही कार्यकर्ताओं की बैठक की सूचना मिलते ही पुलिस ने वहां छापा मारकर 16 विद्यार्थियों को हिरासत में ले लिया। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिषद की महानगर अध्यक्ष डॉ. सीमा भारद्वाज, जसवंत सैनी व सचिन माढ़ोतिया की मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात करवाई।
जहां परिषद पदाधिकारियों ने अपना 10 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा। इसमें छात्र संघ चुनाव बहाली, जिले में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर खोेलने, कॉलेजों में सेमेस्टर सिस्टम बंद करने, कैंपस में छात्रा सुरक्षा और छेड़छाड़ में दोषी शिक्षकों को निलंबित करने और ग्रामीण छात्रों के लिए स्पेशल बस चलाने की मांग की गई।