कुरुक्षेत्र जिले में शनिवार देर शाम टिप्पर ठेकेदार ने पुलिस बल की तैनाती में टिप्पर बाहर निकाल लिए। टिप्पर बाहर निकालने का विरोध करने वाले करीब 40 धरनारत सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें हिरासत में लेने के बाद थाना शहर थानेसर लेकर पहुंची, जहां सफाई कर्मचारियों की नारेबाजी जारी रही।
विज्ञापन
दूसरी ओर डीएमसी अमन कुमार वर्मा व डीएसपी गुरविंद्र ने इसके बाद दमकल केंद्र में खड़े टिप्परों को बाहर निकलवाया। टिप्परों को स्टार्ट करवाने की कोशिश पर करीब दर्जन भर टिप्पर स्टार्ट नहीं हो पाए। इनमें से कुछ के टायर पेंचर मिले तो कई लॉक मिले और उनकी चाबियां गायब मिली। इसके बाद ठेकेदार मौके पर मिस्त्री को बुलाकर उन्हें ठीक करवाता नजर आया।
डीएमसी अमन ने कहा कि जो टिप्पर ठीक हैं उनसे आज रात से ही कूड़े का उठान डोर टू डाेर शुरू कर दिया जाएगा व जो खराब हैं उन्हें आज रात ही ठीक करवा लिया जाएगा। रविवार से पूरे शहर में टिप्पर कूड़ा उठान शुरू कर देंगे। अगर धरने पर गए कर्मचारी सफाई करने में अड़चन पैदा करेंगे तो पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।
विज्ञापन
वहीं, डीएसपी गुरविंद्र ने कहा कि 40 के करीब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक रही। किसी प्रकार का बल प्रयोग करने की जरूरत नहीं पड़ी। अभी प्रशासन से विचार कर रहे हैं कि उन्हें छोड़ दिया जाए या नहीं। अगर नगर परिषद से कोई शिकायत मिलती है तो गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।