कैथल पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी कलायत निवासी अंकित, अनुकूल तथा गांव लांबा खेड़ी निवासी सावन को काबू कर लिया। डीएसपी रोहताश ने बताया कि वार्ड नंबर-1 कलायत निवासी विनय उर्फ गोलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 मई की रात वह अपने कारीगर के साथ बाइक पर कलायत लौट रहा था। रास्ते में संगम ढाबे के पास उसकी मुलाकात कुछ युवकों से हुई, जिनसे उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
विज्ञापन
आरोप है कि अनुकूल बैरागी, राका बैरागी उर्फ राकेश, अंकित राणा और सावन वाल्मीकि ने उसका पीछा किया और गोल मार्केट रेलवे रोड पर रोककर उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ हाथापाई की और ईंट से सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल विनय को पहले कलायत अस्पताल और बाद में नागरिक अस्पताल कैथल रेफर किया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना कलायत में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि विनय और आरोपी अनुकूल के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका था, जिसमें अनुकूल को चोटें लगी थीं। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटनास्थल की निशानदेही करवाई है। मामले की सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुई थी। आरोपियों को शहर में भी घुमाया गया।