हरियाणा के शाहबाद में एक बेहद अफसोसनाक घटना सामने आई है। मां अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ नदी पार कर रही थी। इसी दौरान मां के हाथ से बच्ची फिसल गई और उसकी डूबने से मौत हो गई।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने बच्ची को पानी से निकाला, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी।
यूपी के बदायूं जनपद के फैजगंज बैहटा निवासी नत्थू की पत्नी हरप्यारी शाहबाद थाना क्षेत्र के ढकुरिया गांव में अपने पिता नन्हे के घर आई हुई थी।
गुरुवार की दोपहर हरप्यारी रामगंगा पार करके तरबूज की पालेज पर जा रही थी। उसकी गोद में उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी ममता थी।
रामगंगा पार करते समय अचानक डेढ़ वर्षीय बेटी मां के हाथ से छिटक गई और पानी में डूब गई। मां हरप्यारी ने चीख पुकार मचाई तो पालेजों पर मौजूद ग्रामीण दौड़े।
बच्ची के डूबने की बात सुनकर सभी ग्रामीण उसे पानी में ढूंढने लगे। काफी मशक्कत के बाद बच्ची को पानी से निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मुझे नहीं पता था ऐसा हो जाएगा।
डेढ़ साल की बच्ची को अपने ही हाथों से छिटककर मौत के मुंह में जाते देख हरप्यारी चीख-चीखकर रोने लगी। रोते-रोते वह बेसुध हो गई। ग्रामीण किसी तरह उसे होश में लाए।
हर प्यारी का कहना है कि 'सोचा कि पानी कम होगा, इसलिए बच्ची को गोद में लेकर नदी पार करने लगी। मुझे नहीं पता था कि नदी में गड्ढे हैं। मेरा पैर गड्ढे में गया और बच्ची हाथ से छिटक गई। मुझे नहीं पता था कि ऐसा हो जाएगा।'