चरखी दादरी। हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग की ओर से गांव मैहड़ा स्थित व्यायामशाला में योग शिक्षक बिशन सिंह आर्य के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान चलाया।
सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर सुनील कुमार ने बच्चों को शराब, बीड़ी, गुटखा, नशीली दवाइयों का प्रयोग न करने, तंबाकू के सेवन से दूर रहने की शपथ दिलाई। योग शिक्षक बिशन सिंह आर्य ने कहा कि नशा न केवल शारीरिक क्षमता को कमजोर करता है अपितु मानसिक रूप से भी मनुष्य को दुर्बल बना देता है। नशे की गिरफ्त में युवा अपने परिवार और समाज से कट जाता है।
मास्टर सुनील कुमार ने कहा युवकों को चाहिए कि स्वयं भी नशे से बचें व समाज को नशा मुक्त बनाने में भूमिका निभाएं। नशे से बचने के लिए योगासन, प्राणायाम से जुड़ें। नशा समाज को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। जब तक नशे पर पूरी लगाम नहीं लगेगी तब तक समाज का समुचित विकास संभव नहीं है।
कार्यक्रम में महत सुरेश गिरी, जिला आयुर्वेद अधिकारी राकेश वशिष्ठ, जिला योग समन्वयक अधिकारी प्रमिल फोगाट, सरपंच विकास सांगवान, सरपंच अनिल कुमार तिवाला, विनोद जांगड़ा, निखिल कुमार, जितेंद्र मान, पूर्व, साक्षी, ज्योति, पलक का सहयोग रहा।