संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव तिवाला के रहने वाले 22 वर्षीय विकास ने शनिवार को प्रेम प्रसंग के चलते अटेला पहाड़ी पर जाकर जहर खा लिया। ग्रामीण जब उसे चिल्लाते देखे तो निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसके बाद चिकित्सकों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल चरखी दादरी में रखवाया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि विकास का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग था। वह उससे शादी करना चाहता था। उसने परिवार से रुपये मांगे थे। रुपये नहीं मिले तो जहर खा लिया। विकास आईटीआई पास था। उसका एक भाई है। पिता की मृत्यु हो चुकी है।
पुलिस जांच अधिकारी अवनीत के अनुसार विकास के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार परिजनों को बताया है। सुसाइड नोट में विकास ने परिजनों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में विकास के दादा, भाई और चाचा के खिलाफ केस दर्ज किया है।