मृतक सतीश के पोस्टमार्टम के लिए दादरी नागरिक अस्पताल में कागजी प्रक्रिया पूरी करते जांच अधिकारी। संवाद
- एनएच 148-बी पर आदमपुर गांव के पास हुआ हादसा, पुलिस ने नागरिक अस्पताल में कराया शव का पोस्टमार्टम
- मौके पर वाहन छोड़कर भाग निकला आरोपी ट्रक चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/झोझूकलां। एनएच-148 बी पर आदमपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ऊण मुस्तक निवासी सतीश (43) की मौत हो गई। जबकि बाइक सवार नौरंगाबास जाटान निवासी अनिल (21) घायल हो गया। झोझूकलां थाना पुलिस ने मंगलवार दोपहर नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे सतीश बाइक पर सवार होकर अनिल के साथ किसी काम से दादरी आ रहा था। वे आदमपुर के समीप संगम होटल के सामने ही पहुंचे थे कि उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने सतीश की बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में सतीश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल अनिल को राहगीरों ने उपचार के लिए दादरी नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। वहां उसका उपचार चल रहा है।
दूसरी ओर झोझूकलां थाना पुलिस ने मंगलवार दोपहर नागरिक अस्पताल में सतीश का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया मौके पर ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला।
इस संबंध में एसआई एवं जांच अधिकारी, झोझूकलां पुलिस थाना पवन ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मृतक सतीश का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
- खेती करता था सतीश, दो बच्चे हैं
मृतक सतीश खेती करता था। उसके दो बच्चे हैं। वहीं, घायल अनिल उसके पड़ोसी गांव का है। वह भी शादीशुदा है। अनिल भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।