झज्जर के जटवाडा निवासी युवक का सिविल अस्पताल में कराया गया पोस्टमार्टम, परिजनों ने पुलिस से की मौत का कारण पता लगाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। एनएच-152 डी पर झज्जर के जटवाडा गांव निवासी युवक का शव क्षत-विक्षत मिला। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर हत्या की आशंका जाहिर करते हुए दादरी सदर थाना पुलिस से जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस ने इसे सड़क हादसा मानते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एनएच-152 डी के समीप एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। उसकी शिनाख्त जटवाडा निवासी लोकेश (22) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान पता चला कि दादरी उसकी ससुराल है जबकि टिकान गांव में मामा रहते हैं। इसके बाद पुलिस ने उसके मामा से संपर्क कर मामले की जानकारी दी।
शनिवार दोपहर बाद पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर जटवाडा गांव के लिए रवाना हो गए। वहीं, मृत युवक के ताऊ मास्टर जसबीर ने बताया कि लोकेश ने अपने दोस्तों के संग शुक्रवार रात शराब पी। उन्हें आशंका है कि उसके दोस्तों ने उसकी हत्या की। राज छिपाने के लिए शव एनएच-152 डी पर लाकर डाल दिया। ताकि, परिजनों व पुलिस को लगे कि मौत सड़क हादसे में हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है।
- दो भाइयों में था बड़ा, दो साल पहले हुई थी शादी
लोकेश दो भाइयों में बड़ा था। वह एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। उसकी शादी दो साल पहले दादरी में हुई थी। 8 नवंबर को वह दादरी आया था। पत्नी को घर छोड़कर मामा के गांव चला गया। इसके बाद वह वहां से भी आ गया और दोस्तों के साथ शराब पी। 11 साल पहले लोकेश के पिता की मौत हुई थी।
- सीसीटीवी फुटेज खोलेगा राज
परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने की वजह से पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच करेगी। इसके तहत शनिवार शाम ही पुलिस की एक टीम एनएच 152-डी पर लगे सीसीटीवी के फुटेज जांचने के लिए रवाना हो गई।
वर्सन:
फिलहाल, यह सड़क हादसा लग रहा है। अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच करेगी। जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एनएच पर लगे सीसीटीवी के फुटेज भी जांचे जाएंगे।
-ओमप्रकाश, एसएचओ, दादरी सदर थाना
फोटो 22
लोकेश। फाइल फोटो
फोटो 23
सिविल अस्पताल में मौजूद युवक के परिजन। संवाद