वाल्मीकि बस्ती निवासी घायल को दादरी सिविल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद भेजा गया रोहतक पीजीआई
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सैलून में गए शहर निवासी एक युवक को मारपीट कर एक ही परिवार के कुछ युवकों ने घायल कर दिया। घायल के बयान पर शहर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट की घटना शहर की वाल्मीकि बस्ती की है।
पुलिस को दिए बयान में वाल्मीकि बस्ती निवासी साहिल ने बताया कि तीन अगस्त को सांय तीन बजे वह बस्ती के एक सैलून में बाल कटवाने गया था। उसी दौरान वहां बैठा बस्ती निवासी एक युवक उससे गाली-गलौज करने लगा। जब उसने गाली देने का कारण पूछा तो युवक ने उसे पहले थप्पड़ जड़ दिया और इसके बाद ईंट से हमला किया।
घायल ने बताया कि इसके बाद युवक के परिवार से अन्य युवक भी आ गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। हमले में उसे चोटें लगीं और उसका भाई संजय उसे दादरी सिविल अस्पताल ले गया। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
उसके बयान पर शहर थाना पुलिस ने बंसीलाल, सम्राट और कालू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।