संवाद न्यूज एजेंसी
बाढ़ड़ा। ठेकेदार और कारिंदों के सोमवार को युवक से मारपीट करने के विरोध में मंगलवार सुबह जेवली गांव के शराब ठेके पर जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने पहले शराब ठेका को ताला जड़ा और उसके बाद सड़क पर जाम लगा दिया। करीब दस मिनट तक बाढड़ा-झोझू मुख्यमार्ग जाम रहा। इससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वस्त कर जाम खुलवाया।
जेवली निवासी ग्रामीण प्रदीप, रिंकू, कांता, मीना, अंगूरी, लाली व मंजू आदि ने बताया कि गांव में खुला शराब ठेका लंबे समय से विवाद का कारण बना हुआ है। इससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। आए दिन झगड़े होते रहते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को गांव निवासी दीपक की ठेकेदार और कारिंदों ने पिटाई कर दी। दीपक के साथ हुई मारपीट ने ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया।
मंगलवार सुबह ग्रामीण लामबंद होकर शराब ठेके पर पहुंच गए। उन्होंने कारिंदे को बाहर निकालकर ठेके को ताला जड़ दिया। इसके बाद ग्रामीण बाढड़ा-झोझू मुख्यमार्ग पर उतर आए। वहीं, मुख्यमार्ग पर जाम लगाने की सूचना मिलते ही बाढड़ा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से जाम लगाने का कारण पूछा।
इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस टीम के समक्ष घटनाक्रम रखा। इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से ग्रामीणों को सकारात्मक आश्वासन दिया गया। इसके बाद वे जाम खोलने के लिए तैयार हो गए। हालांकि, इससे पहले उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर इस मामले में समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे और कड़ा कदम उठान के लिए विवश होंगे।
इस संबंध में एसएचओ, बाढड़ा थाना सुनील कुमार ने बताया कि युवक से मारपीट के विरोध में ग्रामीणों ने जेवली गांव में शराब ठेका बंद किया था, जिसे पुलिस ने खुलवा दिया। अगर मारपीट मामले की शिकायत आएगी तो उसमें भी तत्काल कार्रवाई करेंगे।