चरखी दादरी। जिला पुलिस की टीम ने गांव तिवाला निवासी युवक को अवैध देसी पिस्तौल व नौ कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संजीत उर्फ काला गांव तिवाला का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि दादरी सदर पुलिस थाने में तैनात हेड कांस्टेबल प्रदीप, सिपाही मंजीत, ईएएसआई नरेंद्र वीरवार को गांव तिवाला बस अड्डे के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव तिवाला निवासी एक युवक अवैध हथियार के साथ गांव में से अपने खेत में बने मकान की तरफ गया है। जिस पर पुलिस टीम तुरंत सूचना के अनुसार बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां एक युवक दिखाई दिया।
शक होने पर टीम ने युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसकी पहचान गांव तिवाला निवासी संजीत उर्फ काला के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल व मैगजीन से सात और जेब से दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने बरामद पिस्तौल व कारतूस को कब्जे में लेते हुए उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।