मिसरी-मिर्च रोड स्थित सूकर फार्म में अवैध हथियार रखा होने की पुलिस टीमों को मिली थी सूचना, मिर्च निवासी आरोपी पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। बौंदकलां थाना पुलिस ने मिर्च-मिसरी रोड के साथ लगते कच्चे रास्ते पर बने सूकर फार्म से टोपीदार गन बरामद की है। वहां मौजूद मिले मिर्च निवासी राजेश के खिलाफ बौंदकलां थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि बौंदकलां थाना पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मिसरी निवासी सोनू के खेत मिसरी-मिर्च रोड पर हैं। साथ लगते कच्चे रास्ते पर उसने खेत में सूकर फार्म बनाया हुआ है। फार्म में बने कमरे में अवैध हथियार रखा हुआ है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मिर्च निवासी राजेश मिला। उसकी मौजूदगी में कमरों की तलाशी ली गई तो एक कमरे से टोपीदार गन मिली। इसके साथ ही राजेश ने एक कपड़े का बैग भी पुलिस टीम को थमाया, जिसमें एक छोटी डिब्बी से बारूद (राग) व चार गोल गोलियां मिलीं।
राजेश ने बताया कि खेत की रखवाली के लिए वह टोपीदार बंदूक रखता है। हालांकि, वह इसका लाइसेंस नहीं दिखा पाया।