पुलिस गिरफ्तार में आरोपी युवक।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सदर थाना पुलिस ने गांव चरखी से एक युवक को 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप गांव चरखी का रहने वाला है। पूछताछ के लिए उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सदर थाने में तैनात एएसआई मंजीत सिंह टीम के साथ शनिवार को क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव चरखी निवासी एक युवक नशीला पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) खरीदने व बेचने का काम करता है। साथ ही सूचना मिली कि वह गांव चरखी स्थित पैंतावास व मानकावास चौक के पास सरकारी स्कूल के समीप किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है जिस पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान सूचना के अनुसार बताए गए हुलिए का एक युवक खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। उसकी पहचान गांव चरखी निवासी संदीप के रूप में हुई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीएसपी दादरी कप्तान सिंह की उपस्थिति में युवक की तलाशी ली गई। इस दौरान युवक की पैंट की जेब से एक काले रंग की पॉलिथीन में 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। जिस पर आरोपी के खिलाफ सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।