चरखी दादरी। शहर की सीवर, पेयजल और अन्य समस्याओं को लेकर व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार दोपहर उपायुक्त मनदीप कौर से मिला। करीब 25 मिनट तक प्रतिनिधिमंडल और उपायुक्त ने शहर की बड़ी समस्याओं पर मंथन किया। उपायुक्त ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि आप मेरा साथ दोगे तो दो माह के अंदर दादरी शहर की तस्वीर बदली नजर आएगी।
वहीं, उपायुक्त ने अपनी आगामी कार्ययोजना भी प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रखी और इससे प्रतिनिधिमंडल में शामिल शहर के मौजिज लोग संतुष्ट नजर आए। वहीं, अतिक्रमण मसले पर उपायुक्त ने व्यापारी नेताओं को बुधवार सुबह फिर से कार्यालय में बुलाया है ताकि आगे की रूपरेखा तैयार कर सके।
बता दें कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलने लघु सचिवालय पहुंचा। उस दौरान उपायुक्त बैठक में व्यस्त थी। पौने दो घंटे बाद जब प्रतिनिधिमंडल बिना ज्ञापन सौंपे जाने लगा तो उन्हें उपायुक्त से मिलने का संदेशा मिला। इसके बाद करीब पच्चीस मिनट तक उपायुक्त मनदीप कौर और व्यापारियों के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर मंथन हुआ।
डीसी मैम, 1986 में एसडीएम रहे अरुण कुमार को आज भी याद कर रहा शहर
सब्जी मंडी एसोसिएशन प्रदेश कार्यकारिणी प्रधान नितिन जांघू ने उपायुक्त के समक्ष सीवर और दूषित पेयजल आपूर्ति समेत सफाई की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि डीसी मैम, शहर को ऐसा बना दो जैसा वर्ष 1986 में तैनात एसडीएम अरुण कुमार ने बनाया था। हम तो उस समय छोटे थे, लेकिन आज भी अपने बड़ों के मुंह से उनके कार्यकाल की सराहना सुनते हैं। इस पर उपायुक्त ने कहा कि दो माह के अंदर शहर की व्यवस्था में बदलाव अवश्य नजर आएगा।
व्यापारियों ने ये रखीं समस्याएं
. शहर की सीवर व्यवस्था बेहद लचर है और 30 मिनट की बारिश में शहर की सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है।
. शहर के 80 प्रतिशत क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। यह समस्या लंबे समय से बनी है और समाधान नहीं हुआ है।
. बाजारों के लिए पार्किंग सुविधा नहीं है। पुराना ओबीसी और पीएनबी समेत तिकोना पार्क क्षेत्र में पार्किंग बनवाई जाए।
. शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाई जाए जबकि सड़कों के गड्ढे भी जल्द से जल्द भरवाकर लोगों को राहत दी जाए।
. मानसून सीजन में जलभराव के चलते व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ। सरकार की मार्फत नुकसान की भरपाई करवाई जाए।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
उपायुक्त से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में नगर व्यापार मंडल प्रधान सुरेश पांडवानिया, संरक्षक रविंद्र गुप्ता, उप-प्रधान संदीप फौगाट, मनफूल रावलधिया, नितिन जांघू, अनाज मंडी प्रधान रामकुमार रिटोलिया, फैम जिला अध्यक्ष जयभगवान मस्ताना, डॉ. बीएन वर्मा, नरेंद्र पप्पू दहिया, पूर्व पार्षद महेश गुप्ता व दिनेश समेत अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।