चरखी दादरी। जिले में मानसून के दौरान हुई बारिश प्रभाव से जिन किसानों की खरीफ 2025 की फसलों में नुकसान हुआ है, वो ई-क्षति पोर्टल पर 31 अगस्त तक रिपोर्ट अपलोड कर सकते हैं। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने यह जानकारी दी है।
बता दें कि मानसून के दौरान भारी बारिश के कारण जिन किसानों की खरीफ 2025 की फसल को नुकसान हुआ है, जिला के उन किसानों के लिए उपायुक्त मुनीश शर्मा की सिफारिश पर सरकार की ओर से ई-क्षति पोर्टल 31 अगस्त तक खोला गया है। प्रभावित किसान अब अपनी खरीफ फसल के नुकसान की रिपोर्ट दर्ज करवा सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि प्रभावित किसान ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपनी शिकायत, नुकसान का अनुमान फोटो सहित पूरा विवरण तुरंत दर्ज करें। पोर्टल पर शिकायत मिलने के बाद ही संबंधित पटवारी व कानूनगो खेत में जाकर उसका भौतिक निरीक्षण करेंगे। संवाद