चरखी दादरी। जिला खेल एवं युवा विभाग की ओर से सोमवार को चंपापुरी स्थित संस्कृत महाविद्यालय में जिला स्तरीय याग स्पर्धा आयोजित की गई। इसमें 200 साधकों ने भाग लेकर योग कला का प्रदर्शन किया। स्पर्धा के विजेता प्रतिभागियों का चयन 15 सितंबर से रोहतक में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस स्पर्धा में वो दादरी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला खेल अधिकारी प्रीतम सिंह ने बताया कि योग प्रतियोगिता की शुरूआत सुबह नौ बजे की गई। लड़कियों के अंडर-14 आयु वर्ग में छपार निवसी साक्षी ने पहला स्थान हासिल किया जबकि छपार निवासी पलक दूसरे और भावना तीसरे स्थान पर रही। अंडर-18 आयु वर्ग में छपार निवासी आरती ने पहला स्थान प्राप्त किया जबकि छपार निवासी मोहित दूसरे व संजना तीसरे स्थान पर रही। 18 प्लस आयु वर्ग में चरखी निवासी सरिता विजेता बनी जबकि फतेहगढ़ निवासी कीर्ति ने दूसरा और छपार निवासी प्रीति ने तीसरा स्थान हासिल किया।
लड़कों के अंडर-14 आयु वर्ग में नवनीत ने पहला, रौनक ने दूसरा और राहुल ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों के अंडर-18 आयु वर्ग में आदित्य प्रथम, सन्नी द्वितीय व आशीष तीसरे स्थान पर रहा। 18 साल से अधिक आयु वर्ग में अभिषेक ने पहला, मोहन ने दूसरा स्थान और विकास ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंत में डीएसओ प्रीतम सिंह ने पहला स्थान प्राप्त करने वालों को एक हजार रुपये, दूसरा स्थान हासिल करने वाले को सात सौ रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वालों को पांच सौ रुपये नकद राशि देकर सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने रोहतक में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।