चरखी दादरी। टीबी के छिपे केस तलाशने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग शहर में जांच अभियान चला रहा है। दो दिनों के अंदर विभाग की दो टीमों ने 1,380 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। टीबी के संदिग्ध 104 मरीजों के सैंपल लिए गए और इनमें से 60 लोगों की छाती के एक्स-रे किए गए। इनमें से 11 लोगों की एक्स-रे रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो विभाग ने उनके बलगम का भी सैंपल लिया है।
जिला स्वास्थ्य विभाग गांवों में टीबीमुक्त अभियान चला चुका है। इसके तहत अब शहर में जांच की जा रही है। इसके तहत अगले 30 दिन विभाग की दो टीमें शहर के कई क्षेत्रों में जाकर 20,000 लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। विभाग के दोनों निक्षय वाहन सोमवार और मंगलवार को घिकाड़ा रोड स्थित तेजाब फैक्टरी, शिव कॉलोनी, चरखी दरवाजा और लाधान पाना में पहुंचे।
दोनों टीमों ने पहले दिन सोमवार को 732 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर 50 लोगों के सैंपल लिए। पहले दिन कुल 34 एक्स-रे किए गए और पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके तुरंत बाद टीम ने उनका बलगम सैंपल ले लिया, जिसकी नागरिक अस्पताल की मॉलीकुलर लैब में जांच की जाएगी। मंगलवार को टीमों ने 648 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर 54 के सैंपल लिए। 26 लोगों की छाती का एक्स-रे किया गया और पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उनके भी बलगम के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं।
- टीमें 27 और 28 फरवरी को यहां पहुंचेंगी
टीबी अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप ने बताया कि एक माह तक चलने वाली मुहिम का रोस्टर तैयार किया गया है। विभाग की दोनों टीमें 27 और 28 फरवरी को श्योराण समाधि स्थल क्षेत्र, भगत सिंह चौक, रंगीला मंदिर और सिंघान मोहल्ला क्षेत्र में पहुंचेंगी। स्थानीय लोग विशेष मुहिम के तहत अपनी स्वास्थ्य जांच करवा सकते हैं।
- 40 जगहों पर लगाए जाएंगे कैंप
जिला स्वास्थ्य विभाग मुहिम के तहत शहर में 40 जगहों पर शिविर लगाएगा। इनका कार्यक्रम तैयार किया जा चुका है। डॉ. संदीप ने बताया कि अभी हरिनगर, चंपापुरी, गांधीनगर, प्रेमनगर, प्रोफेसर कॉलोनी, सैनीपुरा क्षेत्र, वाल्मीकिनगर, कबीरनगर, रविदासनगर, झज्जर घाटी, सुभाष चौक, पूर्ण बाग, मथुरी घाटी, रामलीला मैदान, रेस्ट हाउस, झज्जर घाटी, हरिनगर, किसान चौक, लोहारू चौक और पूर्णनगर आदि क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे।
सोमवार और मंगलवार को दोनों टीमों ने 1,380 लोगों की जांच की और 104 लोगों के सैंपल लिए। कुल 60 लोगों के एक्स-रे किए गए जिनमें से 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। - डॉ. संदीप, डिप्टी सीएमओ एवं टीबी नोडल अधिकारी, चरखी दादरी।