चरखी दादरी। स्थानीय नागरिक अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे मशीन के खराब उपकरणों को बदलने के लिए कंपनी ने नए उपकरण भेज दिए हैं। कंपनी के अभियंता ने मंगलवार को इन्हें इंस्टॉल कर दिया है। अब बुधवार से एक्स-रे सुविधा बहाल होने की उम्मीद है।
मशीन चलाने वाले चिकित्सकों ने बताया कि नए उपकरण लगने के बाद मशीन बार-बार बंद नहीं होगी और मरीजों को नियमित एक्स-रे सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
नागरिक अस्पताल की डिजिटल एक्स-रे मशीन करीब आठ साल पुरानी है। पिछले दो सालों से मशीन में नियमित अंतराल पर खराबी आ रही थी। इस कारण मरीज एक्स-रे करवाकर समय पर उपचार नहीं करवा पा रहे थे। कई बार तो माह में तीन से चार बार मशीन में खराबी आ जाती थी।
इसके मद्देनजर एजेंसी ने अब एक्स-रे मशीन के दो नए उपकरण भेज दिए हैं। कंपनी के अभियंता ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल में पहुंचकर इन उपकरणों को इंस्टॉल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नागरिक अस्पताल में शनिवार से ही एक्स-रे सेवा बंद है। इस कारण मरीजों को एक्स-रे कक्ष से बैरंग लौटना पड़ रहा है। अब बुधवार से एक्स-रे सुविधा बहाल होने पर मरीजों के राहत मिलेगी।
विभाग का दावा है कि उपकरण बदलने के बाद मशीन बार-बार खराब नहीं होगी। वहीं, सूत्रों के मुताबिक अपनी नीति के तहत कंपनी ने एक्स-रे मशीन के उपकरण बदले हैं।
पांच लाख से अधिक है उपकरणों की कीमत : डिजिटल एक्स-रे मशीन के दो नए उपकरण पहुंचे हैं, उनकी कीमत पांच लाख से अधिक आंकी गई है। हालांकि जिला स्वास्थ्य विभाग को मशीन बेचने वाली एजेंसी की ओर से इसका भुगतान किया जाएगा, क्योंकि मशीन अभी वारंटी पीरियड में ही है। एक्स-रे मशीन में बार-बार तकनीकी दिक्कत न आए, इसके लिए ही कंपनी ने नए उपकरण भेजे हैं।
कक्ष में लगा एसी खराब होना भी इस एक्स-रे मशीन के बार-बार गर्म होने का कारण है। ऐसे में कक्ष के तापमान को एक्स-रे मशीन के लिए संतुलित रखने के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग भी कक्ष में नया एसी लगवाएगा। नए उपकरण और एसी लगने के बाद मशीन खराब होने की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।