चरखी दादरी। गांव इमलोटा निवासी सुजीत कलकल व झज्जर निवासी दीपक पूनिया दोनों पहलवानों के मन में किर्गिस्तान न पहुंच पाने का मलाल है। दोनों वहां आयोजित हुई एशियन ओलंपिक कुश्ती चैंपियनशिप में भाग नहीं ले पाए, क्योंकि वे दोनों बाढ़ के चलते दुबई में फंस गए। अब दोनों इस मलाल को तुर्की में होने वाली विश्व ओलंपिक चैंपियनशिप में दूर करेंगे और इसके लिए वे रशिया के लिए रवाना हो चुके हैं।
पहलवान सुजीत कलकल के पिता व कोच दयानंद कलकल ने बताया कि गत 16 अप्रैल को दोनों पहलवान किर्गिस्तान में होने वाली एशियन ओलंपिक कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हुए थे। दुबई में पहुंचने पर प्राकृतिक आपदा के कारण एक भी हवाई जहाज ने उड़ान नहीं भरी। इसी कारण दोनों बाढ़ के चलते तीन दिन तक वहीं एक होटल में ठहरे और प्रतियोगिता में जाने से चूक गए। इसको लेकर दोनों को के मन में दुख है।
दोनों ही अंतरराष्ट्रीय पहलवान हैं और हर बार प्रतियोगिताओं से पदक जीतकर लाते हैं। कोच दयानंद पहलवान ने बताया कि अब दोनों 12 मई को होने वाली विश्व कुश्ती ओलंपिक चैंपियनशिप में अपना बेहतर प्रदर्शन करेंगे और इसकी तैयारी के लिए दोनों रशिया पहुंच गए हैं। स्पर्धा में दोनों से देश को पदक की उम्मीद रहेगी।