चरखी दादरी। कॉलेज रोड स्थित एमएलआर कोविड अस्पताल के गेट पर रविवार सुबह एक श्रमिक का शव मिला है। सिटी थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक की पहचान मूल रूप से डाडमा निवासी सुनील (41) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमितों को रखने के लिए एमएलआर अस्पताल के भवन को कोविड-19 अस्पताल बनाया है। फिलहाल यहां एक भी संक्रमित उपचाराधीन नहीं है और इसके चलते यह केंद्र बंद हैं। रविवार सुबह यहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने गेट के पास एक व्यक्ति मृत देखा। उसने तत्काल सिटी थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब मृतक के कपड़ो की तलाशी ली जो उसकी जेब से आईडी बरामद हुई। इसके आधार पर उसकी पहचान डाडमा निवासी सुनील के रूप में हुई। पुलिस ने जब परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि मृतक पेशे से श्रमिक था और पिछले करीब तीन माह से शहर के वार्ड-चार में परिवार समेत किराये के मकान में रह रहा था। मृतक के दो बच्चे हैं। जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।