Worker dies due to being trapped in crusher machine
- फोटो : CharkhiDadri
पिचोपा कलां क्रशर जोन स्थित शिव शक्ति स्टोन पर मशीन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत हो गई। मृतक फतेहाबाद की भट्टू मंडी का रहने वाला था। शनिवार सुबह पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव पोस्टमार्टम करवाया। अटेला कलां चौकी पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि फतेहाबाद की भट्टू मंडी निवासी धर्मबीर (55) शिव शक्ति स्टोन क्रशर पर बतौर श्रमिक काम करता था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह मशीन संभाल रहा था और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह कन्वेयर के पट्टे पर गिरकर मशीन तक पहुंच गया। वहां मौजूद अन्य श्रमिक जब तक मशीन बंद करते तब तक धर्मबीर गंभीर रूप से घायल हो चुका था। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
शनिवार सुबह पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक के बेटे संजय के बयान दर्ज किए और इत्तफाकिया कार्रवाई कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। संजय ने बताया कि उसका पिता तीन माह पहले ही पिचोपा कलां क्रशर जोन में काम करने आया थे।