बाढड़ा। गांव डालावास में शुक्रवार देर रात गेहूं निकलवा रहे एक श्रमिक का हाथ थ्रेशर में फंस गया। इसके कारण शरीर का पांव से ऊपर का हिस्सा थ्रेशर में आने से मांस के लोथड़ों में तबदील हो गया। बाढड़ा थाना पुलिस ने शनिवार दोपहर दादरी के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में 174 सीपीआरसी के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी बिजेंद्र (30) एक किसान का खेत पट्टे पर लेकर खेती करता था। शुक्रवार रात वह एक अन्य किसान के खेत में बतौर श्रमिक गेहूं निकलवाने गया था। देर रात वह खेत में थ्रेशर से गेहूं निकलवा रहा था और उसी दौरान थ्रेशर में उसका हाथ फंस गया। इसके बाद उसका शरीर मशीन ने अंदर खींच लिया जो चिथड़ों में बदल गया। जब तक मशीन रोकी गई तब तक बिजेंद्र के केवल पांव ही बाहर बचे थे। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी उसके परिजनों व पुलिस को दी।
विज्ञापन
बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। परिजनों के पहुंचने पर कागजी कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
बिजेंद्र पर थी मां-बाप व बच्चों की जिम्मेदारी
बिजेंद्र दो भाइयों में छोटा था। मां-बाप बिजेंद्र के साथ रहते हैं। बिजेंद्र के दो बेटी है और एक डेढ़ साल का बेटा है। हादसे में बिजेंद्र की मौत होने से पत्नी-बच्चों व उसके माता- पिता का सहारा छिन गया है। अब परिवार में कमाने वाला व्यक्ति भी नहीं है।