चरखी दादरी के अटेला कलां माइनिंग जोन में खड़े डंपर।
चरखी दादरी। दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम अटेला कलां माइनिंग जोन स्थित एमएसके-जेएस कंपनी के कार्यालय पर पिछले 36 घंटों से जांच कर रही है। यह टीम मंगलवार को दूसरे दिन भी जांच में जुटी रही। कयास लगाए जा रहे हैं कि वीरवार शाम तक टीम अपनी जांच पूरी कर सकती है। हालांकि निरीक्षण के लिए पहुंची टीम में शामिल कोई अधिकारी कार्रवाई के लिए कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।
आयकर विभाग के उपनिदेशक विकास की अगुवाई में 22 सदस्यीय टीम दिल्ली से मंगलवार सुबह दादरी पहुंची थी। टीम एमसी कॉलोनी स्थित दादरी निवासी माइनिंग कंपनी के ठेकेदार सोनू पहल के आवास पर पहुंची और उसके बाद दातौली गांव निवासी एक रिश्तेदार के परिसर में भी दबिश दी गई। अटेला कलां माइनिंग जोन स्थित कंपनी के कार्यालय में भी टीम की जांच लगातार जारी है।
आयकर विभाग की टीम की जांच को 36 घंटे का समय हो चुका है। यह टीम अब भी कंपनी के कार्यालय में डेरा डाले हुए है। बुधवार को भी किसी को भी कंपनी कार्यालय से बाहर और बाहर से अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। माइनिंग कंपनी की ओर से भी कार्रवाई के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
सूत्रों के अनुसार जांच में अभी और समय लग सकता है। तथ्य की तलाश पूरी तक टीम दादरी जिले में ही डेरा डाले रहेगी। हालांकि इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है। माइनिंग कंपनी के चार साझेदार हैं। इनमें सोनू पहल समेत दिल्ली निवासी अभिषेक, रोहतक निवासी भाजपा नेता सतीश नांदल और कृष्ण सांगवान के नाम शामिल हैं।
- माइनिंग जोन में दो दिन से काम ठप
जांच के लिए आयकर विभाग की टीम पहुंचने के बाद से अटेला कलां माइनिंग जोन में कई गतिविधियां बंद हैं। यहां डंपरों की कतार लगी है जबकि श्रमिक, चालक और मशीनों के ऑपरेटर खाली बैठे हैं। अटेला कलां माइनिंग जोन से रोजाना करीब एक हजार डंपर चलते हैं।
- खातों को खंगाल रही टीम
सूत्रों के अनुसार जांच के लिए पहुंची आयकर विभाग की टीम माइनिंग कंपनी के साझेदारों और उनके परिचितों के बैंक खाते भी खंगाल रही है। हालांकि जांच के लिए पहुंची आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई पर कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। चर्चा है कि माइनिंग कंपनी के साझेदारों के उन रिश्तेदारों के खाते भी खंगाले जा रहे हैं जिनमें वहां से लेन-देन हुआ है।