दादरी के गांव घिकाड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के शिक्षक और विद्यार्थी।
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री स्कूली सुंदरीकरण योजना के तहत गांव घिकाड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला ने खंड में प्रथम स्थान पाया है। हेडमास्टर लाजवंती देवी और प्राथमिक पाठशाला के मुख्य शिक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि इसके लिए एसडीएम आशीष सांगवान की अगुवाई में टीम ने 12 फरवरी को क्षेत्र के अनेक विद्यालयों का निरीक्षण किया था। एसडीएम और उनकी टीम ने सुंदरीकरण के साथ ही विद्यालय में चल रहीं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। एसडीएम ने विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों और स्कूल प्रबंध समिति (एसएमसी) के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। इस आधार पर स्कूल को दादरी खंड में प्रथम घोषित किया गया है। खंडस्तर पर प्रथम रहने पर विद्यालय को 50,000 रुपये का पुरस्कार मिला है। संवाद
517 में से 117 विद्यार्थियों ने पास की छात्रवृत्ति परीक्षा
चरखी दादरी। एचडी स्कूल स्थित संस्कार सभागार में छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 517 छात्रों ने भाग लिया जिनमें से 117 छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी योग्यता साबित की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से परीक्षा में चयनित छात्रों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के निदेशक बलराज फोगाट और प्राचार्या नमिता दास ने छात्रों को पुरस्कार स्वरूप स्टेशनरी किट और अभिभावकों को शॉल भेंट कर सम्मान किया। बलराज ने छात्रों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का आधार है। एचडी स्कूल का उद्देश्य योग्य छात्रों को प्रोत्साहित कर उन्हें उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करना है।