चरखी दादरी। एसपी पूजा वशिष्ठ ने बुधवार को अपने कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। एसपी ने महिला पुलिस कर्मचारियों को साधारण कपड़ों में कॉलेज व स्कूलों के बाहर छुट्टी के समय तैनात रहकर मनचलों को सबक सिखाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले में तैनात सभी डीएसपी, अपराध शाखा प्रभारी, थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने आपराधिक आंकड़ों की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए पिछली अपराध समीक्षा गोष्ठी में उठाए गए व पुलिस हेडक्वार्टर से प्राप्त हुए बिंदुओं पर थानावार चर्चा की। बैठक एजेंडा के प्रत्येक बिंदू पर अमल करने की कड़ी हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस की ओर से सेफ सिटी कैंपेन चलाया हुआ है। इसके तहत हमें आमजन के साथ महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी है। एसपी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए मनचलों पर शिकंजा कसने के लिए चिह्नित किए गए हॉट स्पॉट के संबंध में थाना प्रबंधकों से जानकारी ली। उन्होंने इन हॉट स्पॉट पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी सुभाषचंद्र, डीएसपी नरेंद्र, डीएसपी भारत भूषण आदि मौजूद रहे।
चुनावी तैयारियों का भी लिया फीडबैक
एसपी ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से चुनाव के दौरान किए जाने वाले सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली और समीक्षा के बाद निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदतन अपराधियों की हिस्ट्री सीट खोलें और उनकी दैनिक गतिविधियों पर नजर रखें। अपने थाना क्षेत्र में आने वाले असलहा धारकों का असलहा जल्द जमा करवाएं। यदि कोई अपना असलहा जमा नहीं करवाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें।
- मादक पदार्थ तस्कर भी रहेंगे निशाने पर
एसपी ने पैरोल जंपर, बेल जंपर, वांछित अपराधियों को पकड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाए और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया जाए। एसपी पूजा वशिष्ठ ने कहा कि शराब की अवैध बिक्री करने वाले, अवैध खुर्दे चलाने वालों और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर नजर रखकर उन्हें दबोचे। सूचना तंत्र को अधिक मजबूत करें।