चरखी दादरी। शहर की शंकर कॉलोनी में वीरवार शाम करीब 5:30 बजे बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से भाग गए। घटना के बाद लोगों में रोष देखने को मिला। सूचना मिलने पर उप पुलिस अधीक्षक धीरज कुमार, सीएआईए इंचार्ज कप्तान सिंह, सिटी थाना से भीम सिंह व डायल 112 पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार प्रीति गर्मियों की छुट्टियों में अपने मायके शंकर कॉलोनी की गली नंबर-13 में आई हुई थी। वह वीरवार को करीब 5:30 बजे अपनी बहन के साथ किसी काम से बाजार जा रही थी। जैसे ही वे गली नंबर-6 के मोड़ पर पहुंचे पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर प्रीति के गले से सोने की चेन तोड़ ली। घटना के बाद दोनों आरोपी तेजी से कॉलोनी की गलियों से होते हुए भाग गए।
पीड़िता और उसकी बहन ने शोर मचाकर लोगों को एकत्रित करने का प्रयास किया लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। इसके बाद महिला ने अपने परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भय और नाराजगी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से कुछ असामाजिक तत्व कॉलोनी में तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों पर घूमते हैं आवारागर्दी करते हैं और पटाखे बजाकर लोगों को परेशान करते हैं। इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायतें दी जा चुकी हैं लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद हैं। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से चेन स्नेचिंग की वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
वर्सन:
महिला से चेन झपटने की सूचना मिली थी जिस पर मौके का मुआयना किया गया है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। - धीरज कुमार, डीएसपी