मृतका के पोस्टमार्टम के लिए कागजी कार्रवाई करती पुलिस। संवाद
- रीतू की गांव मकड़ाना में छह माह पहले हुई थी शादी, शुक्रवार रात को चौबारे में लगाया फंदा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी/झोझूकलां। गांव मकड़ाना में शुक्रवार रात एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका रीतू (22) की छह माह पहले झज्जर जिले के गांव मकड़ाना में शादी हुई थी। चिड़िया चौकी पुलिस ने रीतू के मामा के बयान पर आरोपी पति सोनू समेत सास व ननद पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मामा संजय ने बताया कि रीतू दो बहनें थीं। वे मूल रूप से झज्जर जिले के कासनी सुरहेती के निवासी हैं। रीतू बचपन से अपने मामा के गांव मांगावास में रहती थी। छह माह पहले ही मामा ने रीतू की शादी मकड़ाना निवासी सोनू के साथ की थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सास, पति व ननद रीतू को कम दहेज का ताना दे रहे थे। इसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। रीतू ने मायके पक्ष को भी इसकी जानकारी दी थी।
इसके बाद मायका पक्ष की ओर से ससुराल पक्ष को समझाया गया, लेकिन, वे हरकतों से बाज नहीं आए। इधर, कुछ दिनों से ससुराल पक्ष ने काफी परेशान किया। इससे रीतू ने यह कदम उठाया है।
इस संबंध में जांच अधिकारी व एसआई, चिड़िया पुलिस चौकी अजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मौका मुआयना किया गया और साक्ष्य भी एकत्र किए। मृतका रीतू के मामा के बयान पर पति, सास व ननद पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
- सुबह नीचे नहीं आई तो देखने ऊपर पहुंचे परिजन
शुक्रवार रात को रीतू चौबारे में जाकर सो गई जबकि अन्य सदस्य नीचे सोए थे। रात को रीतू ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह रीतू उठकर नीचे नहीं आई तो परिजन देखने ऊपर गए। बाद में ससुर अत्तर सिंह ने पुलिस को सूचना दी तो चिड़िया चौकी से टीम मौके पर पहुंची।
- एफएसएल टीम भी पहुंची
मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। बाद में शव को दादरी नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां पर पुलिस ने रीतू के मामा संजय के बयान पर तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया। शव का पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया।