चरखी दादरी। गांव पैंतावास कलां निवासी एक युवती पैर फिसलने से तालाब में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव पैंतावास कलां निवासी मृतका माया (18) शहर के एक संस्थान में कंप्यूटर कोर्स करती थी। वो हर रोज की तरह घर से सुबह कोचिंग संस्थान आने के लिए निकली थी। परिजनों के अनुसार माया प्रतिदिन मछलियों को तालाब में आटा डालने के बाद संस्थान में कोचिंग लेने जाती थी। शुक्रवार सुबह जब वो तालाब के पास मछलियों को आटा डालने लगी तो पैर फिसलने के चलते वो तालाब में गिर गई। तैरना न आने के चलते वो डूब गई।
कुछ समय बाद जब ग्रामीणों ने तालाब में युवती का शव देखा तो अन्य ग्रामीणों को सूचित किया। उसी दौरान मृतका की पहचान गांव निवासी माया के रूप में हुई। दूसरी ओर मामले की जानकारी पाकर मृतका के परिजन और सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालवाया। इसके बाद सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मछलियों को आटा डालते समय पैर फिसलने पर युवती तालाब में गिर गई और उसकी डूबने से मौत हो गई। परिजनों के बयान पर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की गई है।
-सुरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, सदर थाना