शिकायत लिखवाकर लोहारू से वापस नांदल लौटते समय सांजरवास के समीप किया गया हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। पारिवारिक विवाद के चलते रोहतक के नांदल निवासी एक महिला व उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई। अब घायल पक्ष के बयान पर बौंदकलां थाना पुलिस ने छह आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में जयभगवान ने बताया कि उसके ताऊ के लड़के शमशेर की बेटी आरती की शादी छह साल पहले हिसार जिले के एक गांव निवासी एक युवक से हुई थी। फिलहाल, वह अपने पति के साथ लोहारू में किराये के मकान में रह रही थी। हाल ही में उसके पति व देवर ने मिलकर आरती के साथ मारपीट की। इसके बाद आरती घर पर आ गई।
शनिवार को वे लोहारू पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन, पुलिस ने पारिवारिक मामला होने के कारण दो दिन का समय मांगा। इसके बाद वे वापस अपने गांव नांदल लौटने लगे। जब वे सांजरवास से आगे पहुंचे तो एक कार सवार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। उसमें से आरती की ससुराल के छह लोग डंडे लेकर उतरे। इसके बाद उन्होंने डंडों से उनके साथ मारपीट की। इसके बाद धमकी देकर कलानौर की ओर चले गए। बाद में वे पीजीआई पहुंचे और अपना उपचार कराया। अब उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।