चरखी दादरी। अब पेयजल लाइनों में अंतिम छोर तक पानी में क्लोरिन की मात्रा नहीं होने दी जाएगी। उपभोक्ताओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने में अब ओटी किट की मदद ली जाने लगी है ताकि पानी की गुणवत्ता बनी रहे। ओटी किट बेहद कारगर साबित हो रही है।
एक किट से पेयजल के 100 सैंपल की जांच होती है। किट से पानी में क्लोरिन की मात्रा की जांच की जाती है। पानी में क्लोरिन की मात्रा का स्तर 0.02 से 0.05 पीपी तक सुरक्षित माना जाता है। अंतिम छोर तक पानी की आपूर्ति के दौरान आमतौर पर क्लोरिन की मात्रा कम हो जाती है।
प्रतिदिन दो एमएलडी पानी फिल्टर
नगर स्थित मेन जलघर में प्रतिदिन दो एमएलडी पानी को फिल्टर किया जा रहा है। वहीं पानी में क्लोरिन की मात्रा तो डाली जाती है जिसका प्रभाव अंतिम छोर तक खत्म हो जाता है। मानसून सीजन के बाद शहर में पेयजल की गुणवत्ता में काफी सुधार आया है। नगर में इस समय 18 घंटे पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। सभी 21 वार्डों में जोन के अनुसार सप्लाई की जा रही है।
मानसून सीजन के 100 दिनों तक नहरों में बारिश एवं खेतों का पानी डाला जा रहा था। इस वजह से जलघरों में पानी की गुणवत्ता खराब बनी हुई थी। नहरों की नई समयसारिणी के अनुसार अब साफ पानी छोड़ने की वजह से सुधार देखने में आया है। खेतों का पानी नहरों में डालने से जलघरों में भी खराब हो गया था। कई गांवों में तो ग्रामीणों ने मानसून के बाद खुद ही जलघरों की सफाई करनी पड़ी थी।
क्लोरिन डालना है जरूरी
पानी में उचित मात्रा में क्लोरिन डाला जाना जरूरी है। विभाग कर्मचारी जलघर से सप्लाई के समय पानी में क्लोरिन डालते हैं जिसका असर अंतिम छोर तक खत्म हो जाता है। पानी में ऑक्सीजन, आयरन, कैल्शियम, पोटाश, मिनरल, विटामिंस, फास्फोरस सहित करीब 18 प्रकार के पोषक तत्व होते हैं। विभाग ने जलघरों में मीडिया फिल्टर भी लगा रखे हैं। उसके जरिये पानी को साफ किया जाता है।
नगर में करीब 40 साल पुरानी पाइप लाइनें जर्जर होने से दिक्कत आ रही है। ये लाइन कई भागों में सीवर की लाइनों से जुड़ी हुई हैं जिससे कई बार खराब पानी सप्लाई होने लगता है। विभाग ने ऐसी कई लाइनों में लीकेज आदि को ठीक किया है जिससे सीवरयुक्त पानी से कुछ राहत मिली है।
1 किट से होंगे 100 सैंपल
एक किट से 100 सैंपल की जांच आसानी से की जा सकती है। एक बूंद दवा पानी की परखनली में डालने से कुछ देर बाद ही जांच रिपोर्ट मिल जाती है। जहां क्लोरिन की मात्रा कम पाई जाती है वहां अब इस दिक्कत को दूर कर दिया जाता है। आथोआडोलाइन यानी ओटी किट स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी दी गई हैं। विभाग नगर में समय एक दिन छोड़कर पेयजल आपूर्ति कर रहा है। विभाग ने कुछ दिन पहले ही 115 करोड़ के पेयजल प्रोजेक्ट पर काम पूरा किया है। पानी को फिल्टर कर सप्लाई किया जा रहा है। विभाग ने गांवों में जल मिशन योजना के तहत हर घर तक नल पहुंचाने का काम किया है। शहर में पेयजल की क्षमता बढ़ाकर 23 एमएलडी कर दी गई है।
वर्सन:
ओटी किट से पानी में क्लोरिन की मात्रा की जांच नियमित रूप से की जा रही है। पानी में क्लोरिन की कमी नहीं रहेगी। विभाग लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवा रहा है। पानी की गुणवत्ता में सुधार आया है।सोहनलाल, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग।