चरखी दादरी में आयोजित रैली के मंच से जनता का अभिनंदन स्वीकार करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कें?
- फोटो : CharkhiDadri
70 साल तक देश के किसानों के हक का पानी पाकिस्तान जाता रहा। अब इस पानी को हरियाणा और राजस्थान के किसानों के खेतों में पहुंचाऊंगा। इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को चरखी दादरी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल के कार्यकाल में लोगों को बांटने वाली राजनीति को परास्त किया और विकास की बुनियादी नींव रखी।
चरखी दादरी के गांव घसोला के समीप आयोजित रैली के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:42 पर पहुंचे। उन्होंने हरियाणवी लहजे में अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि मुझे हरियाणा की धरती खींचकर ले आई है और मैं खुद को रोक नहीं पाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुझे प्रचार के लिए आने की जरूरत नहीं है, लेकिन यहां आने से मुझे ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल के कार्यकाल में विकास की बुनियादी नींव रखी है और सशक्त व विकसित भारत के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि नए भारत के निर्माण का परिदृश्य गरीबों व गांवों में देखने को मिल रहा है। हमारे गांव संस्कृति व परंपरा को कायम रखते हुए सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मोदी ने रैली के मंच से भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
मोदी ने कहा कि हरियाणा के गांव अगर आगे नहीं आते तो बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ मुहिम सफल नहीं होती। हिंदुस्तान की बेटियां धाकड़ हैं और आज हर क्षेत्र में अपने कौशल का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बार दो दीपावली एक साथ मनाई जाएगी, जिनमें एक कमल की होगी तो दूसरी दीपों की। उन्होंने कहा कि दीपावली बेटियों के नाम होनी चाहिए। हरियाणा और राजस्थान के किसानों के हकों का पानी 70 साल तक पाकिस्तान जाता रहा। अब हरियाणा के हक के पानी को पाकिस्तान जाने से मोदी रोकेगा और इस पर काम शुरू हो चुका है।
खेत खलिहान से लेकर खेल मैदान तक हरियाणा का दबदबा
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत उपस्थित लोगों को राम-राम करते हुए की। उन्होंने हरियाणा लहजे में कहा कि मन्नै हरियाणा मै आकै बहोत खुशी होई सै। संबोधन के दौरान पीएम ने कहा कि खेत खलिहान से लेकर खेल मैदान तक हरियाणा का दबदबा है और यहां की बेटियों बेहद मजबूत हैं। मंच पर संबोधन के बीसवे मिनट में उन्होंने दादरी से भाजपा प्रत्याशी बबीता फौगाट का नाम लिया।
मनोहरलाल और उनकी टीम को मेरा साधुवाद
कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और प्रदेश के मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जो नहरें और माइनर पिछले 25 सालों से सूखी थीं, उनमें मनोहरलाल ने पानी पहुंचाने का काम किया है। प्रदेश में पर्ची और खर्ची सिस्टम बंद करने का श्रेय भी मनोहरलाल और उनकी टीम में शामिल विधायकों को जाता है।