फोटो 20 : स्ट्रीट लाइट की रोशनी में बैठकर पढ़ाई करती छात्रा। विज्ञप्ति
फोटो 21 : शिकायत पत्र दिखाती महिला व उसकी बेटी। विज्ञप्ति
लाधान पाना गांव निवासी महिला ने उपायुक्त और बिजली निगम के अधिकारियों को दिया शिकायती पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी के लाधान पाना क्षेत्र निवासी महिला ने जिला उपायुक्त व बिजली निगम के अधिकारियों से उनके घर में बिजली कनेक्शन की व्यवस्था करवाने की मांग की है।
महिला मीना ने लिखित में अवगत कराया कि उसके पति की एक साल पहले मौत हो चुकी है। उसे संतान के रूप में इकलौती बेटी है। महिला ने कहा कि खुले दरबार में भी वह अपनी शिकायत रख चुकी है। क्षेत्र के गण्यमान्य व्यक्ति भी समस्या के हल की गुहार लगा चुके हैं। महिला ने कहा है कि पति के निधन के उपरांत कुछ लोगों ने उसके हिस्से के आवासीय क्षेत्र की लाइट काट रखी है। महिला अपने आवासीय क्षेत्र में नया बिजली मीटर लगवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही है जबकि नियमों का हवाला देकर उनकी परेशानी दूर नहीं की जा रही है। उसे मालिकाना हक के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा जा रहा है।
महिला ने कहा कि संबंधित विभाग ने जो शर्तें लगा रखी हैं उनको पूरा करने में वह असमर्थ है क्योंकि जिस पुश्तैनी घर में वह रहती है वह उनके ससुर के नाम है। महिला ने कहा कि उसकी बेटी सिमरन उर्फ राधा रात के समय पड़ोस के घर की दीवार पर लगी स्ट्रीट लाइट की रोशनी में पढ़ाई करने के लिए मजबूर है।
वर्जन
बिजली कनेक्शन के लिए आवेदक को संबंधित प्रतिष्ठान के मालिकाना हक के दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। यदि कोई व्यक्ति किराये पर रहता है तो वह वैध किरायानामा प्रस्तुत कर भी कनेक्शन ले सकता है।
- गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम दादरी।