सांसद ने लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश, बोले- फौरी राहत देने के लिए सजगता से कार्य करें
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। भिवानी महेंद्रगढ़ से लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने वीरवार को लघु सचिवालय में प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लंबी अवधि की योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करें, लेकिन गर्मी में शुद्ध पेयजल और बिजली आपूर्ति में कोई कमी न रहे। वहीं, फौरी राहत देने के लिए सजगता से कार्य करें।
सांसद ने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आमजन को गर्मी में बिजली के अघोषित कटों का सामना न करना पड़े। जहां भी पेयजल आपूर्ति में बाधा आए, तत्काल वाटर टैंकरों से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से जलघर व तालाब भरे रखने के लिए वाटर सप्लाई व्यवस्था निर्बाध रूप से दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने कहा कि जल घरों में कच्चे पानी की कमी नहीं आनी चाहिए। व्यवस्था को लेकर सरकार के स्तर पर कोई भी अड़चन आने पर उनके संज्ञान में लाएं। अड़चन को तत्काल दूर कराया जाएगा। उन्होंने नहरों, जलघरों, पेयजल आपूर्ति के पाइप लाइन कार्यों के तैयार एस्टीमेट को तय समय सीमा में मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए।
अगले 10 दिन रखे विशेष ध्यान
सांसद ने कहा कि अभी दस दिनों तक बिजली व पेयजल की आपूर्ति पर पूरा फोकस रखें। इस उपरांत बरसात का सीजन आ रहा है। हमें जल निकासी व्यवस्था के कार्यों को प्राथमिकता के साथ करना होगा। जल निकासी नालों की सफाई तय समय सीमा में पूरा करें। जहां पर जल निकासी के लिए पंप सेट, बिजली कनैक्शन आदि की व्यवस्था की जरूरत हैं, वहां पर यह कार्य अभी से शुरू कर दें। लघु सचिवालय पहुंचने पर सांसद धर्मबीर सिंह का डीसी मनदीप कौर ने बुके भेंट कर स्वागत किया। बैठक में डीसी मनदीप कौर, एडीसी डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर, सीईओ प्रदीप कौशिक समेत भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. किरण कलकल, जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास व अन्य जिला पार्षद मौजूद रहे।