गांव अटेला खुर्द में दूषित जलभराव के बीच रोष जताते ग्रामीण।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। गांव अटेला खुर्द को डोहका हरिया से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर दूषित पानी जमा होने के कारण पिछले करीब एक महीने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दूषित पानी के भरने से न केवल आम राहगीरों बल्कि स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय निवासियों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब एक माह से गांव से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा होने के कारण वाहनों का निकलना तो दूर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। यह दूषित पानी दादरी से लोहारू जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर गांव डोहका हरिया की ओर आने वाले लिंक रोड तक फैल चुका है। निकासी की उचित व्यवस्था न होने के चलते स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।
जलभराव से बरसाना, बिलावल, अटेला खुर्द, अटेला कलां सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी उन स्कूली बच्चों को हो रही है जिन्हें दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा कच्चे रास्तों पर भी पानी जमा होने से खेतों तक जाना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण संजय, मुख्तयार, हरीश, रमेश, सलमा, रामा, अनिल, रेणू, प्रमिला, राजेश और अन्य ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि इस समस्या का अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की निकासी नहीं की गई, तो वे कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।