दादरी शहर में कृत्रिम बारिश करते हुए वाहन।
चरखी दादरी। दादरी जिले में प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब रही। शनिवार को प्रदूषण का अधिकतम स्तर 394 एक्यूआई दर्ज किया गया। प्रदूषण का स्तर कम करने के लिए प्रशासन ने शहर की सड़कों पर टैंकर के जरिये पानी का छिड़काव भी करवाया। इसके अलावा प्रदूषण का न्यूनतम स्तर 95 तो औसत स्तर 274 दर्ज किया गया।
दरअसल, जिले में ग्रैप-4 की पाबंदियां लागू हैं और इन पाबंदियों का पालन कराने के लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई भी की जा रही है। शहर में ग्रैप नियम तोड़ने पर 16 लोगों के अधिकारी चालान कर चुके हैं जबकि 9 साइटों पर जाकर निर्माण कार्य रुकवा चुके हैं। इतना ही कचरा जलाते पकड़े जाने पर 7 लोगों के चालान किए गए हैं। इसी प्रकार प्रदूषण नियंत्रक बोर्ड और आरटीए टीमें भी कार्रवाई कर रही हैं। शनिवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक शहर में पानी का छिड़काव कराया गया। इसके बाद शाम की शिफ्ट में भी टैंकरों के जरिये सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया गया, ताकि धूल न उड़े। पिछले पांच दिनों से जिले की हवा स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खराब है।
वहीं, शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को अधिकतम तापमान दो और न्यूनतम एक डिग्री बढ़ा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज किया गया था जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम 13 डिग्री पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले एक सप्ताह तापमान में गिरावट आएगी और इससे ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।