::::::::::
फोटो 01
गांव फतेहगढ़ स्थित मुख्य जलघर। संवाद
:::::::::::::::::::::::::::
- पंपिंग सेट निर्माण के साथ पुरानी व जर्जर पेयजल लाइनें बदलेगा जनस्वास्थ्य विभाग, टेंडर प्रक्रिया चढ़ी सिरे, जल्द जारी होगा कार्यादेश
- लंबे समय से पानी खरीदकर प्यास बुझा रहे दोनों गांवों के ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। लंबे समय से पेयजल की किल्लत झेल रहे फतेहगढ़ और साहुवास गांव के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दोनों गांवों को अब समस्या से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग 4 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके तहत लोहारू कैनाल पर पंपिंग सेट निर्माण के अलावा पुरानी पाइपलाइन को बदला जाएगा। काम शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है।
जिले के गांव फतेहगढ़ और साहुवास के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल मुहैया करवाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग पुरानी व जर्जर लाइनें बदलने का कार्य जल्द शुरू करेगा। इसके अलावा नहरी पानी के भंडारण करने के लिए लोहारू कैनाल पर पंपिंग सेट लगाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि यह दोनों काम होने के बाद करीब 6,000 की आबादी को पेयजल संकट से छुटकारा मिलेगा।
वहीं, इन गांवों के ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 6 साल से गांव में पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। ग्रामीण पीने के पानी के कैंपर खरीद रहे हैं जबकि घरेलू पानी संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए टैंकर मंगवाना पड़ता है। लंबे समय से अपने स्तर पर ही वे पानी का प्रबंध कर रहे हैं। समस्या को लेकर ये कई बार विभागीय अधिकारियों से मिल चुके हैं। उस दौरान समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई गई। अगर विभाग जल्द समस्या से निजात दिला देता है तो ग्रामीणों का काफी राहत मिलेगी।
- 6 माह में पूरा होगा काम
टेंडर प्रक्रिया के अनुसार, विभाग ने कार्य पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसी को 6 माह का समय दिया है। इसके अलावा, पांच साल तक मरम्मत की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी की होगी। कार्य के पूरा होने के बाद दोनों गांव में पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति हो सकेगी।
- पानी शुद्धिकरण के लिए बनेगा फिल्टर टैंक
जनस्वास्थ्य विभाग ग्रामीणों को जहां भरपूर मात्रा में पेयजल आपूर्ति करेगा तो वहीं पानी को साफ करने के लिए फिल्टर टैंक का निर्माण करवाया जाएगा। यह आरसीसी का होगा। इसके अलावा पुरानी व जर्जर पाइपलाइन को भी बदलने का कार्य होगा। पेयजल परियोजना पर 4,01,23,730 रुपये की राशि खर्च करेगा।
- नहीं उठाना पड़ेगा आर्थिक बोझ
ग्रामीण संदीप कुमार, अधिवक्ता तेजवीर डुड्डी, राकेश कुमार व राजेश आदि ने बताया कि गांव में पेयजल की समस्या के चलते ग्रामीणों को पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे आर्थिक नुकसान के अलावा मानसिक पीड़ा भी झेलनी पड़ रही है। अब विभाग की ओर से परियोजना पर काम पूरा कराने के बाद ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान होगा। आर्थिक बोझ भी नहीं उठाना पड़ेगा।
वर्सन:
गांव फतेहगढ़ और साहुवास के लिए बनाई गई परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही कार्य शुरू करवाने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
-सचिन तनेजा, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग