दिल्ली रोड एसटीपी के साथ लगते खेतों तक पहुंचा पानी
किसानों ने उठाई नुकसान की भरपाई करवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दिल्ली रोड स्थित एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) के समीप सीवर बैक मारने से आसपास करीब 15 एकड़ में खड़ी फसल में जलभराव हो गया। किसानों ने विभाग व सरकार से मुआवजे की मांग की है। किसानों का आरोप है कि लाइन बैक मारने से सीवर का पानी धान व बाजरे की फसल में भर गया। इसे लेकर किसानों में रोष बना हुआ है।
किसान कल्ले फोगाट, बल्लू फोगाट, दिनेश कुमार, राजेश कुमार, रामेहर व कृष्ण ने बताया कि उन्होंने धान व बाजरे की फसल की बिजाई कर रखी है। अब ये फसल पकाव की अवस्था में हैं। इन किसानों ने बताया कि सीवर लाइन के बैक मारने की वजह से ज्यादा मात्रा में पानी धान व बाजरे की फसल में भर गया। इससे फसल को नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि यह समस्या बार-बार आ रही है। समय-समय पर फसल को नुकसान पहुंचता रहता है। विभाग को इस समस्या का स्थायी तौर पर समाधान करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि विभाग उनकी समस्या की अनदेखी करता आ रहा है। रबी व खरीफ दोनों सीजन में फसल को नुकसान होता है। विभाग को सीवर पाइपलाइन व मैनहोल आदि की मरम्मत करनी चाहिए। ताकि, पानी का रिसाव न हो सके। इन किसानों ने विभाग से पानी की निकासी करवाने व प्रति एकड़ 30 हजार रुपयेे मुआवजा दिए जाने की मांग की है। ताकि, नुकसान की भरपाई हो सके।
फोटो 01
दिल्ली रोड स्थित एसटीपी के समीप धान की फसल में भरा पानी दिखाते किसान कल्ले फोगाट। स्रोत : किसान