गांव रावलधी के जलघर का भंडारण टैंक से सप्लाई हो रहा पानी दिखाते ग्रामीण।
चरखी दादरी। शहर से सटे गांव रावलधी जलघर से पानी उपचारित किए बिना ही आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो सालों से इसी ढर्रे पर पेयजल आपूर्ति की जा रही है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बाद भी नतीजा सिफर है और इससे ग्रामीणों में रोष है। सोमवार को ग्रामीणों ने जलघर पर पहुंचकर रोष जताया।
बता दें कि गांव रावलधी में जलघर से बिना फिल्टर किया पानी सप्लाई के दौरान घरों में पहुंच रहा है और इसके चलते ग्रामीणों में जनस्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष बना है। उन्होंने प्रशासन से गांव में फिल्टर युक्त पानी की आपूर्ति कराने की मांग की है। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वो काेई भी कड़ा कदम उठाने को विवश होंगे।
वहीं, विभाग की लापरवाह कार्यशैली को देखते हुए सोमवार सुबह सरपंच प्रतिनिधि सुखविंद्र ग्रामीणों के साथ जलघर पहुंचे। वहां उन्होंने भंडारण टैंक से सीधे घरों में पानी सप्लाई करने की व्यवस्था पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों ने बताया कि जब भी अधिकारियों के पास शिकायत भेजी जाती है तो वो जल्दी ही लीकेज पाइप लाइन को ठीक करवाने का आश्वासन देकर उन्हें भेज देते हैं। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से मिल रहे कोरे आश्वासन से ग्रामीण खफा हैं और सोमवार को उन्होंने नारेबाजी के साथ आक्रोश का इजहार किया।