बौंदकलां। गांव सांवड़ में पड़ोसी कोच के घर की रखवाली कर रहे एक पंडित के स्वयं के ग्रंथ और दक्षिणा में मिले रुपये चोरी हो गए। पीड़ित रात को पड़ोसी के घर ताला लगाकर अपने घर गया था और अगले दिन पहुंचा तो चोरी हुई मिली। अब मकान मालिक कोच की शिकायत पर बौंदकलां थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सांवड़ निवासी बिजेंद्र ने बताया कि वह खेल विभाग में हॉकी कोच हैं। 19 मई को वह सपरिवार अपनी बेटी से मिलने के लिए महाराष्ट्र में पुणे गया था। घर की देखभाल की जिम्मेदारी गांव के पूर्ण पंडित को सौंपी थी। 28 व 29 मई को पूर्ण पंडित बिजेंद्र के घर को ताला लगाकर अपने घर चला गया। अगले दिन सुबह जब वह घर पहुंचा तो खिड़की का कांच टूटा हुआ था और खिड़की भी खुली पड़ी थी।
जब उसने अंदर जाकर जांच की तो कमरे में रखे पंडिताई के ग्रंथ और पूजा-पाठ से आए 1500 रुपये चोरी मिले। बाद में उन्होंने बिजेंद्र को फोन पर सूचना दी और अब बिजेंद्र 6 जून को वापस पहुंचे तो सीढ़ी के ताले से भी छेड़छाड़ हुई मिली।
अब तक वो अपने स्तर पर पता लगाने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अब उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। बौंदकलां थाना प्रभारी सतबीर सिंह ने बताया कि इस संबंध में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।