झोझूकलां में रोड पर टूटी पाइप लाइन दिखाते ग्रामीण।
झोझूकलां। गांव के मुख्य रोड से होकर गुजरने वाली पेयजल लाइन कई जगह से टूटी है। इस कारण पानी की बर्बादी हो रही है जबकि दूसरी ओर घरों में पेयजल संकट गहरा गया है। समस्या का समाधान न होने से खफा ग्रामीणों ने बुधवार को रोष जताया और प्रशासन से लाइन को दुरुस्त करवाने की मांग की।
ग्रामीण रामकुमार, चमन, रमेश, रामअवतार, ओमबीर, नवीन, भगवान सिंह ने बताया कि यह पाइप लाइन काफी समय से टूटी है। इससे घरों में उचित प्रकार से पानी नहीं पहुंच पाता है। गांव के ऊंचे क्षेत्र वाले घरों में पानी बिल्कुल भी नहीं पहुंचता। इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं।
कई घरों में रेत युक्त गंदा पानी पहुंच रहा है। पानी निकलने से सड़क पर पानी जमा हो जाता है। प्रदूषित पानी पीने से बीमारी का खतरा हक्।
इससे यहां से गुजरने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलभराव होने से सड़क भी कमजोर होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पाइप ठीक करवाने की मांग की। उनका कहना है कि पाइप लाइन ठीक होने बाद ही ग्रामीणों को शुद्ध पानी मिल पाएगा।