चरखी दादरी। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव के लिए बुधवार को दादरी के जिला न्यायिक परिसर में होने वाले मतदान के लिए जिला प्रशासन व जिला बार एसोसिएशन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव प्रक्रिया के अनुसार बुधवार सुबह नौ बजे से मतदान शुरू होगा जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
मतदान के लिए जिला बार एसोसिएशन की लाइब्रेरी व उसके समीप ही कुल दो बूथ बनाए गए हैं। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव में दादरी जिला बार एसोसिएशन के करीब 900 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं इन चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में जोश और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
बार काउंसिल में आगामी पांच वर्षों के लिए सदस्यों का चुनाव होगा। शेड्यूल के अनुसार मंगलवार 17 मार्च को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अलावा चंडीगढ़ जिला न्यायालय में मतदान हुआ। 18 मार्च को पंजाब एवं हरियाणा राज्यों के जिलों, उपमंडल एवं तहसील मुख्यालयों पर मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से होगी और 20 मार्च को मतगणना की जाएगी। दादरी जिले में करीब 900 मतदाता होने के कारण यहां के परिणाम काफी महत्व रखते हैं।