गांव घिकाड़ा स्थित जलघर में ताला जड़ते ग्रामीण व सरपंच विपिन कुमार। संवाद
फोटो- 02
गांव घिकाड़ा जलघर में नारेबाजी करते ग्रामीण। संवाद
फोटो-03
एसडीओ मुकेश कुमार को पानी पिलाते ग्रामीण। संवाद
- डेढ़ माह से गांव में नहीं हो रही पर्याप्त पानी की आपूर्ति, ग्रामीण टैंकर खरीद कर चला रहे घर का काम
- समाधान न होने पर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव घिकाड़ा व मिर्च के ग्रामीणों को डेढ़ माह से पेयजल के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। अधिक खर्च से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को जलघर में ताला लगा दिया। साथ ही नारेबाजी कर रोष जताया। मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ पहुंचे। उन्होंने आश्वासन देकर ताला खुलवाया।
घिकाड़ा जलघर से घिकाड़ा के साथ गांव मिर्च में भी पेयजल आपूर्ति की जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि डेढ़ माह से गांव में पेयजल आपूर्ति उचित तरीके से नहीं हो रही है। ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। तीन दिन में एक बार पानी आता है। वह भी 15 मिनट के बाद बंद कर दिया जाता है। मुख्य समस्या जलघर के टैंकाें का न भर पाना है।
दरअसल, विभाग की ओर से नहर से जलघर तक 6 इंच मोटाई की पाइपलाइन दबाई गई है। गांव में आपूर्ति की लाइन 8 इंच है। इससे गांव में पानी उचित तरीके नहीं पहुंच पाता है। इससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है। दोपहर में ग्रामीण जलघर पहुंचे और गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने नारेबाजी और विभाग के खिलाफ रोष जताकर मांग उठाई।
इसके करीब आधे घंटे बाद जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे तो घरों में हो रही खारे पानी की आपूर्ति का पानी एसडीओ को पिलाया। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को रविवार शाम तक कार्य पूरा कर समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया।
कहा कि नहर से जलघर तक कच्चा नाला बनाया जाएगा और इसके जरिये पानी पहुंचेगा। इसके बाद जलघर टैंक भरने में कोई समस्या नहीं होगी। इसके बाद ग्रामीणों ने ताला खोला। वहीं, एसडीओ ने पूरे जलघर का निरीक्षण किया और टैंकों की स्थिति जांची।
- खेतों में लीकेज लाइन दुरुस्त करने और अवैध कनेक्शन काटने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अवैध कनेक्शन बहुत अधिक हो चुके हैं। इससे सभी घरों में उचित प्रकार से पानी नहीं पहुंच पाता है। ग्रामीणों की इस मांग पर एसडीओ ने लिखित शिकायत मांगी और कार्यालय में जमा कराने के लिए कहा। वहीं, पेयजल पाइप कुछ किसानों के खेतों से निकला है। लीकेज होने के कारण 5 साल से फसल को नुकसान हो रहा है। किसान अपने स्तर पर कई बार ठीक कर चुके हैं, लेकिन, समाधान नहीं हुआ है। अब एसडीओ ने किसानों के समक्ष लाइन जल्द दुरुस्त कराने की हामी भरी है।
- नहर पर बोरिंग और टंकी से पानी आपूर्ति की मांग
ग्रामीणों ने मौके पर बताया कि वे विभाग के एक्सईएन और जेई को करीब 20 बार लिखित में नहर पर बोरिंग करवाने के लिए अवगत करा चुके हैं। गांव की आपूर्ति जलघर में बनी पानी की टंकी से करवाने की मांग कर चुके हैं। जेई और एक्सईएन ने बजट न होने की बात कहकर हर बार उनकी मांग अनदेखी की। इस बार एसडीओ ने सोमवार को कार्यालय में जाकर संज्ञान लेने की बात कही और निरीक्षण कर मांग सिरे चढ़ाने का आश्वासन दिया।
ये रहे मौजूद...
इस दौरान मौके पर गांव घिकाड़ा से राजबीर सिंह, रामकिशन, शमशेर, राजबीर सिंह, बलराम, गुलाब, रणबीर, मिर्च से लक्ष्मण, हरिकिशन, डॉ. अनिल, भरपूर, राज सिंह, रविंद्र आदि मौजूद रहे।
वर्सन:
ग्रामीणों की मुख्य मांग को रविवार शाम तक पूरा कर दिया जाएगा और अन्य मांगों पर कार्यालय जाकर सोमवार से संज्ञान लिया जाएगा।
-मुकेश कुमार, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग
- रविवार तक समाधान न होने पर सोमवार से जलघर में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। विभाग को सौंपी 20 एकड़ जमीन भी ग्राम पंचायत की ओर से वापस ली जाएगी। दो दिन तक ग्रामीण जैसे-तैसे काम चला लेंगे।
-विपिन कुमार, सरंपच, घिकाड़ा